जनसत्ता के रविवारीय में मेरी कवितायें
राष्ट्र
प्रधानमंत्री ने कहा
वितमंत्री ने कहा
रेलमंत्री ने कहा
बचानी चाहिए राष्ट्रभाषा
भाषा में राष्ट्र को
बचाने की बात हो रही थी
गोया यूँ कहें मियाँ
कि राष्ट्रभाषा में देश को बचाने की मुहीम में
जो भी आतंकी पकडे जा रहे थे
सब के सब मुसलमान थे
राष्ट्रभाषा के नाम पर
बचाया जा रहा था भाषा में राष्ट्र
शिक्षामंत्री खुश थे
सातवीं क्लास की हिन्दी पाठ्यपुस्तक में
शामिल हो चुके थे आसाराम
जय हो मुक्तिबोध
जय नागार्जुन बाबा
सबकी जय हो
राजा
जिसके हाथों में सब कुछ था
वही खुश था
बाकी सब नासमझ थे
इस सदी में भी हर एक गली में
हर एक घर में एक राजा था
जिसके नीचे चार पांच की आबादी थी
उसी का हुक्म चलता था
आजकल
वह आजकल इस तरह आती है
जैसे भूली हुयी कविता की
कोई पंक्ति हो
मैं रुकने के लिए कहता हूँ तो तडकसार कहती है-
जा परे भूले हुओं को एवें मुंह नहीं
लगाते
फिर चली जाती है बड़े-बड़े कदमों से
जैसे गाँव का कोई साहूकार हो
रजाई में दुबककर बैठ जाता हूँ
उसका अब कोई भरोसा नहीं
क्या पता
वह कब साहूकारों की तरह आये
और भूली हुयी कविता की तरह चली जाए
हरप्रीत कौर